लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज 8 अगस्त को शाम 5 बजे केपी ग्राउंड, प्रयागराज में छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे। प्रस्तावित संवाद में रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, सरकारी संस्थानों के निजीकरण, ठेका भर्ती, शिक्षा के बाजारीकरण और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव समेत युवाओं से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और नेता प्रयागराज में मौजूद हैं। इनमें उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय, ऑल इंडिया ओबीसी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल जयहिंद, उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हैं।
आयोजकों के मुताबिक, कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य छात्रों और युवाओं को प्रभावित करने वाले रोजगार, शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े सवालों पर सीधे संवाद करना है। पेपर लीक और परीक्षाओं की पारदर्शिता के साथ-साथ सरकारी संस्थानों के निजीकरण, संविदा/ठेका भर्ती के प्रभाव, शिक्षा के बढ़ते बाजारीकरण और विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव जैसे मुद्दे भी संवाद का हिस्सा रहेंगे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इंजीनियर शैलेन्द्र ध्रुव ने छात्रों, युवाओं, शिक्षा विशेषज्ञों, सामाजिक चिंतकों और बुद्धिजीवियों से कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह संवाद नई पीढ़ी के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण सवालों पर चर्चा का अवसर है और युवाओं को अपनी समस्याएं एवं सवाल सीधे राहुल गांधी के सामने रखने का मौका मिलेगा।
प्रयागराज में होने वाले इस कार्यक्रम को छात्र और युवा राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार और उच्च शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर युवाओं के बीच लंबे समय से बहस चल रही है। ऐसे में राहुल गांधी का छात्रों और युवाओं के साथ यह संवाद राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
