मुक्केबाजी में प्रिंस कश्यप ने जीता स्वर्ण पदक

नोएडा। झांसी के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 1 से 4 अक्टूबर तक आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर पुरुष मुक्केबाजी प्रतियोगिता में नोएडा के युवा मुक्केबाज प्रिंस कश्यप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 90 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया।

उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय एवं मुक्केबाजी संघ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से करीब 170 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में प्रिंस कश्यप ने अपने मुकाबलों में प्रभावी प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

बसई गांव, सेक्टर-70, नोएडा निवासी 19 वर्षीय प्रिंस कश्यप मोतीलाल नेहरू कॉलेज में प्रथम वर्ष के छात्र हैं। पढ़ाई के साथ वह सेक्टर-21 स्थित शहीद भगत सिंह बॉक्सिंग अकादमी में प्रशिक्षण लेते हैं। उन्हें कोच प्रीतम और साहिल के मार्गदर्शन में मुक्केबाजी की तैयारी कराई जा रही है।

प्रिंस कश्यप मध्यम वर्गीय परिवार से हैं। वे अपनी जीत का श्रेय अपने पिता बिजेन्द्र सिंह और अपने परिवार के साथ- साथ अपने कोच को देते हैं ।

प्रिंस की इस उपलब्धि पर उनके परिवार, प्रशिक्षकों और खेल से जुड़े लोगों ने खुशी जताई। उनके प्रदर्शन को लेकर उम्मीद है कि वह आने वाली प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *