फर्रुखाबाद, 23 जून 2026। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर रिंकू विश्वकर्मा कांड के पीड़ित परिवार से मिलने एवं घटना की वस्तुस्थिति जानने हेतु समाजवादी पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल आज सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव के नेतृत्व में फर्रुखाबाद पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर पीड़ित रिंकू विश्वकर्मा एवं उनके परिजनों से मुलाकात की तथा घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल पीड़ित की पत्नी को साथ लेकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक फर्रुखाबाद से मिलने एवं ज्ञापन देने पहुंचा, लेकिन पुलिस अधीक्षक ने प्रतिनिधिमंडल से सीधे मिलने से इंकार कर दिया तथा ज्ञापन लेने से भी मना कर दिया ।

इस अवसर पूर्व लोकसभा प्रत्याशी डॉ. नवल किशोर शाक्य ने कहा कि “यह सरेआम लोकतंत्र की हत्या है। जब पीड़ित परिवार की फरियाद सुनने और उनका ज्ञापन लेने तक से प्रशासन इंकार कर दे, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं न्याय प्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह है। रिंकू विश्वकर्मा कांड के दोषियों की अब तक गिरफ्तारी न होना प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है।
इंजी. संदीप विश्वकर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ठाकुरवाद चरम पर पहुंच चुका है। सभी आरोपी सत्यवीर सिंह, प्रशांत सिंह, सुलभ सिंह आदि BJP के कार्यकर्ता एवं योगी के सजातीय सामंती गुंडे हैं । उन्होंने आरोप लगाया कि पीड़ित परिवार की बात सुनने से इंकार करना, ज्ञापन लेने से मना करना और दोषियों की गिरफ्तारी न करना इस बात का प्रमाण है कि विश्वकर्मा समाज के साथ दोहरा व्यवहार किया जा रहा है। चुनाव के समय वोट लेने के लिए विश्वकर्मा समाज को हिंदू बताया जाता है, लेकिन जब समाज पर अत्याचार होता है तो उसकी फरियाद सुनने वाला कोई नहीं होता।
जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जब पीड़ित की पत्नी स्वयं न्याय की गुहार लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और उसका ज्ञापन तक स्वीकार नहीं किया गया, तो यह प्रशासन की संवेदनहीनता का परिचायक है। लोकतंत्र में जनता की आवाज सुनना प्रशासन का दायित्व है, लेकिन फर्रुखाबाद में प्रशासन ने अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया है। समाजवादी पार्टी रिंकू विश्वकर्मा और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है तथा दोषियों की गिरफ्तारी और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रखेगी।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि रिंकू विश्वकर्मा कांड के सभी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। अन्यथा समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. नवल किशोर शाक्य (पूर्व लोकसभा प्रत्याशी), इंजी. संदीप विश्वकर्मा (राष्ट्रीय प्रवक्ता), जमालुद्दीन सिद्दीकी (पूर्व विधायक), उर्मिला राजपूत (पूर्व विधायक), रामसेवक सिंह यादव (पूर्व मंत्री), नरेंद्र सिंह यादव (विधानसभा अध्यक्ष भोजपुर), आशीष शर्मा (जिलाध्यक्ष समाजवादी मजदूर सभा) सहित विश्वकर्मा समाज के अनेक साथी एवं समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
