प्रतापगढ़। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में शनिवार को विश्वकर्मा नगर, सरायदेवरॉय (कटरा गुलाब सिंह) में आयोजित विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कमला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल, प्रयागराज के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में प्रतापगढ़ तथा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आए सैकड़ों मरीजों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा उन्हें दवाइयां वितरित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रख्यात कैंसर सर्जन डॉ. नवल किशोर शाक्य ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा, “मानवता की सेवा ही बाबा साहेब को सच्ची श्रद्धांजलि है। आज स्वास्थ्य सेवाएं महंगी होती जा रही हैं, ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के शिविरों का आयोजन अत्यंत महत्वपूर्ण है।” उन्होंने शिविर में आए मरीजों को कैंसर के लक्षणों के प्रति जागरूक करते हुए प्रारंभिक जांच के महत्व पर विशेष जोर दिया।
विधायक डॉ. आर.के. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “जो लोग कभी बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के सिद्धांतों का विरोध करते थे, आज वही लोग उनकी जयंती मनाने को मजबूर हैं। यह बाबा साहेब के विचारों और उनके संघर्ष की जीत है।” उन्होंने सामाजिक न्याय और समानता के लिए बाबा साहेब के विचारों को अपनाने पर जोर दिया।
कमला मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के निदेशक एवं लैप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. सुनील विश्वकर्मा ने कहा, “मरीजों का सही इलाज करना ही सबसे बड़ी सेवा है और यही बाबा साहब को सच्ची श्रद्धांजलि है।” उन्होंने कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सभी डॉक्टरों की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक इंजी. संदीप विश्वकर्मा ने शिविर की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “हमारा लक्ष्य 5000 से अधिक लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का था और हमें खुशी है कि हजारों परिवारों ने इस नि:शुल्क सेवा का लाभ उठाया।” उन्होंने बताया कि शिविर में विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों की जांच अनुभवी डॉक्टरों द्वारा की गई तथा भविष्य में भी ऐसे जनसेवा कार्यक्रम जारी रहेंगे।
शिविर में डॉ. यदुनाथ विश्वकर्मा (कैंसर पेन मेडिसिन), डॉ. अविनाश विश्वकर्मा (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. इंदु सिंह, डॉ. विनीत सिंह, निखिल श्रीवास्तव,सहित अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। मरीजों के लिए ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य आवश्यक जांचें पूरी तरह नि:शुल्क की गईं एवं दवाओं का भी नि:शुल्क वितरण किया गया।
इस अवसर पर कमलेश विश्वकर्मा, ए.के.स्टालिन,नवीन सरोज, आशीष यादव, सचिन मौर्या,अतुल विश्वकर्मा, दीपक पटेल,सहित भारी संख्या में स्थानीय गणमान्य नागरिक, डॉक्टर एवं अस्पताल का स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजक टीम द्वारा सभी सहयोगी डॉक्टरों एवं कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।
