यौन शोषण के ख़िलाफ़ इलाहाबाद में जोरदार प्रदर्शन

इलाहाबाद| इलाहाबाद में यौन शोषण के ख़िलाफ़ फ्रीडम मार्च का आयोजन किया गया। हज़ारों लड़कियों की नेतृत्व में यह फ्रीडम मार्च लल्ला चुंगी स्थित महिला छात्रावास गेट से चंद्रशेखर आजाद प्रतिमा कंपनी गार्डन तक तक किया गया ।

फ्रीडम मार्च की संयोजक शोध छात्र सोनाली ने कहा कि हमेशा से हाशिए पर रखी गई आधी आबादी आज अपने हक़ के लिए सड़कों पर है। मणिपुर में बहनों के साथ हुई बर्बरता से लेकर दिल्ली, बनारस, महाराष्ट्र, जयपुर और देश के हर कोने में महिलाओं पर बढ़ती हिंसा के खिलाफ महिलाएं प्रतिरोध दर्ज़ कर रही हैं। आज इलाहाबाद में भी यही प्रतिरोध दर्ज़ किया जा रहा है। इलाहाबाद में यौन शोषण से आज़ादी के लिए मर्दवाद के ख़िलाफ़ सड़कों को बार बार भरा जायेगा।

कीर्ति ने कहा कि यह केवल एक दिन का मार्च नहीं है, यह हमारी रोज़ की लड़ाई है। छात्रावास की समय सीमा से लेकर क्लास में घूरती नज़रों ने हमें बार बार याद दिलाया है कि हमारी आज़ादी की एक सीमा है। हम उस सीमा को तोड़ने निकले हैं। हम बेख़ौफ़ आज़ाद होकर रहेंगे।

साक्षी ने कहा कि जब हम मणिपुर की बात करते हैं तो हम सिर्फ एक राज्य की बात नहीं कर रहे हैं बल्कि देश के तमाम हिस्सों में इलाहाबाद समेत पूरे उत्तर प्रदेश में, बिहार से लेकर दिल्ली तक हम महिलाओं के शरीर को युद्ध की वस्तु के तौर पर देखा जाता है। इसी नजरिए के ख़िलाफ़ अपनी स्वतंत्र पहचान के लिए आज हम लोग सड़क पर मार्च कर रहे हैं और इस नजरिए से आज़ादी लेकर रहेंगे।

फ्रीडम मार्च और सभा का संचालन सोनाली ने किया। इस आयोजन में हज़ारों की संख्या में तमाम छात्र और नागरिक समाज के लोग शामिल रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *